कृषि और उद्यानिकी में प्रवेश के लिए पीएटी मई में, आवेदन स्टार्ट

बीएससी कृषि और बीएससी उद्यानिकी में प्रवेश के लिए प्री एग्रीकल्चर टेस्ट यानी पीएटी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रवेश परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी। इसी तरह प्री वेटनरी पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीवीपीटी) के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 30 कृषि महाविद्यालय हैं। इनमें बीएससी के लिए 2500 सीटें हैं। इसी तरह उद्यानिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध 20 महाविद्यालय हैं। इनमें बीएससी के लिए 2000 सीटें हैं। वहीं प्री वेटनरी पॉलिटेक्निक टेस्ट की पढ़ाई कामधेनु विश्वविद्यालय में होती है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह प्रवेश परीक्षा जरूरी है। पीएटी और पीवीपीटी के लिए 21 अप्रैल शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे। इस संबंध में व्यापमं की ओर से सूचना जारी कर दी गई है। आवेदन में सुधार 22 से 24 अप्रैल शाम 5 बजे तक किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 15 मई को प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।




