बाघ संरक्षण को नया बल: अभयारण्यों के बाहर भी सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी

इंडिया : वैसे तो भारत के अभयारण्य बाघों के पसंदीदा विश्राम स्थल हैं। वर्तमान में यहां लगभग 3,682 बाघ स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहे हैं, लेकिन देश अभयारण्यों के बाहर बाघों के संरक्षण की चुनौती का सामना कर रहा है, जहां लगभग 30 प्रतिशत बाघ हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद, पिछले चार वर्षों में देश में कुल 667 बाघों की मौत हुई है और इनमें से 341 यानी 51 प्रतिशत मौतें अभयारण्यों के बाहर हुईं। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के आंकड़ों के अनुसार, 2021 से अब तक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 111 मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां 90 मौतें हुईं।
इस समस्या के समाधान और बाघों के मनुष्यों के साथ संघर्ष को कम करने के लिए, सरकार टाइगर्स आउटसाइड टाइगर रिजर्व्स टीओटीआर) परियोजना शुरू करने की योजना बना रही है। यह 17 राज्यों के 80 वन प्रभागों को कवर करेगा। इसके अलावा, सरकार बाघों के संरक्षण के लिए नई पहल के साथ आगे बढ़ रही है। इसमें भारत के नेतृत्व वाला वैश्विक गठबंधन आईबीसीए और बाघ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के पुनर्वास के प्रयास शामिल हैं।अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि 24 देश अंतर्राष्ट्रीय बाघ गठबंधन (आईबीसीए) में शामिल होने के लिए सहमत हो गए हैं।
अभयारण्यों की संख्या बढ़कर 58 हुई: केंद्रीय मंत्री उन्होंने कहा कि देश में बाघ अभयारण्यों की संख्या वर्ष 2014 में 46 से बढ़कर अब तक 58 हो गई है। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान एवं बाघ अभयारण्य (केएनपीटीआर) में बाघों की संख्या में 27 की वृद्धि हुई है और अब कुल संख्या 148 हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि बाघ घनत्व के मामले में असम दुनिया में तीसरे स्थान पर है। केएनपीटीआर की एक रिपोर्ट के अनुसार, 148 वयस्क बाघों में से 83 मादा और 55 नर हैं। 10 बाघों का लिंग अभी ज्ञात नहीं है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




