लैपटॉप गोद में और मोबाइल जेब में रखने से बढ़ सकता है पुरुषों में बांझपन का खतरा: अध्ययन

क्या आप जानते हैं कि अगर आप लैपटॉप को लंबे समय तक अपनी गोद में रखते हैं या मोबाइल फोन को पैंट की जेब में रखते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है? अगर नहीं, तो अब सतर्क हो जाइए। कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग की जेनेटिक्स रिसर्च यूनिट और प्रजनन चिकित्सा संस्थान (IRM) द्वारा हाल ही में किए गए एक शोध में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इस अध्ययन में पाया गया कि लैपटॉप और मोबाइल फोन से निकलने वाला विद्युत चुम्बकीय विकिरण पुरुषों में बांझपन और नपुंसकता की संभावना को बढ़ा सकता है। शोध के दौरान 20 से 40 वर्ष की आयु के पुरुषों के सैंपल लिए गए। वैज्ञानिकों ने उनके खानपान, दिनचर्या, कामकाज की जगह का वातावरण और उनकी आदतों की भी बारीकी से जांच की। निष्कर्ष यह निकला कि जो पुरुष लंबे समय तक लैपटॉप को गोद में रखते हैं या मोबाइल फोन को बार-बार और देर तक पैंट की जेब में रखते हैं, उनमें प्रजनन संबंधी समस्याएं विकसित हो सकती हैं। यह अध्ययन उन पुरुष रोगियों पर आधारित था जो IRM में बांझपन के इलाज के लिए आए थे। इसमें महिला रोगियों या ऐसे पुरुषों को शामिल नहीं किया गया था, जिनकी समस्या किसी शारीरिक दोष के कारण थी। इस शोध में कुल 1,200 पुरुषों को शामिल किया गया था।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




