
छत्तीसगढ़ : बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र के उल्लूर के पास नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान शहीद हो गया। तीन जवान घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया। डीआरजी के जवान सोमवार तड़के सर्चिंग के लिए निकले थे। जवान सुबह करीब 5:30 बजे उल्लूर के जंगलों में पहुंचे ही थे कि जवान दिनेश नाग का पैर प्रेशर आईईडी पर पड़ गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हुए दिनेश की विस्फोट में मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट की चपेट में आए तीन अन्य जवान भरत धीर, पैको हेमला और मुदुरु कवासी घायल हो गए। शहीद जवान दिनेश को शहीद वाटिका रक्षित केंद्र Bijapur में अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड के जवान दिनेश नाग शहीद हो गए हैं और तीन जवान घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली पूरी तरह हताश हो चुके हैं और इस तरह की कायराना हरकत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिनेश नाग की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




