लेह में कर्फ्यू के बीच तनाव, दो प्रदर्शनकारियों का अंतिम संस्कार सुरक्षा घेरे में पूरा

जम्मू। लेह में जारी कर्फ्यू के बीच रविवार को तनावपूर्ण शांति बनी रही। चिकित्सा देखभाल जैसी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शहर पूरी तरह से बंद रहा। इस बीच, लेह हिंसा के दौरान मारे गए चार प्रदर्शनकारियों में से दो का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया। प्रशासन ने मीडिया और राजनीतिक हस्तियों के प्रवेश पर सख्त रोक लगा दी थी। लेह में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गईं। इस बीच, लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए लेह में वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। सोमवार को भी लेह में स्कूल, कॉलेज और बाजार बंद रहेंगे। जिन दो प्रदर्शनकारियों का अंतिम संस्कार किया गया, उनमें खरनाक गाँव के 25 वर्षीय जिग्मत दोरजे और इगु गाँव के 24 वर्षीय स्टैनज़िन नामग्याल शामिल थे। दोनों का अंतिम संस्कार बौद्ध परंपरा के अनुसार किया गया। स्कर्बुचान गाँव के 46 वर्षीय शिवांग थाचिन और हनु के 22 वर्षीय रिनचेन दोरजे का अंतिम संस्कार 29 सितंबर को होगा। शिवांग थाचिन एक पूर्व सैनिक थे और उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया था। लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) के सदस्यों ने भी लेह के हालात और गृह मंत्रालय के साथ बैठक पर चर्चा करने के लिए बैठक की। लेह स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) के अध्यक्ष ताशी ग्यालसन ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




