
छत्तीसगढ़ । नक्सलियों ने रविवार देर शाम प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण प्रोजेक्ट पर काम करने वाले सब-कॉन्ट्रैक्टर इम्तियाज अली का अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना बीजापुर और सुकमा जिलों की सीमा पर हुई। उनका शव इरापल्ली और मेटागुड़ा कैंप के बीच मिला। नक्सलियों की पामेड एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। पुलिस अधिकारियों ने भी घटना की पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इम्तियाज बिना पुलिस को बताए सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने इरापल्ली-मेटागुड़ा इलाके में गए थे। नक्सलियों ने उन्हें वहीं से अगवा कर लिया। उनका शव रविवार देर रात बरामद हुआ, लेकिन पुलिस ने सोमवार सुबह घटना की पुष्टि की। गौरतलब है कि नक्सली कई महीनों से इलाके में सड़क निर्माण रोकने के लिए दबाव डाल रहे थे, जिसके कारण पहले भी कई बार काम में रुकावट आई थी।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




