बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमला जारी, 19 दिनों में छठे हिंदू कारोबारी की निर्मम हत्या

Dhaka। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के बीच एक और हिंदू कारोबारी की हत्या कर दी गई है। नरसिंगडी ज़िले में एक किराना दुकान के मालिक मोनी चक्रवर्ती (40) पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इससे कुछ घंटे पहले ही, जेसोर ज़िले में हिंदू कारोबारी और अख़बार के एग्जीक्यूटिव एडिटर राणा प्रताप बैरागी (38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिछले 19 दिनों में पड़ोसी देश में किसी हिंदू व्यक्ति की हत्या की यह छठी घटना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11 बजे नरसिंगडी के पलाश शहर के चारसिंदूर बाज़ार में मोनी चक्रवर्ती पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया।
वह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। घायल मोनी मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोग तुरंत उन्हें एक हेल्थ सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोनी लंबे समय से उसी बाज़ार में किराना दुकान चला रहे थे। इस मामले में अब तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी OC शाहिद ने कहा कि दोषियों की पहचान और गिरफ़्तारी की कोशिशें की जा रही हैं। इस बीच, मंगलवार को मोनी का अंतिम संस्कार किया गया। मोनी के दोस्त राजेंद्र चौधरी ने बताया कि वह इलाके में बहुत सम्मानित व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। मोनी के रिश्तेदार प्रदीप चंद्र बर्मन ने इसे पहले से प्लान की गई हत्या बताया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने उनका मोबाइल फ़ोन या मोटरसाइकिल नहीं ली, जिससे यह साफ़ है कि लूटपाट मकसद नहीं था।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




