छत्तीसगढ़ की कई ज़िला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Senior Reporter India| रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर, सरगुजा, राजनांदगांव, जांजगीर-चंपा, अंबिकापुर और धमतरी की ज़िला अदालतों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के ज़रिये सीधे अदालतों के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजी गई थी।
जानकारी मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों ने सभी अदालत परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी स्थान से विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने धमकी भरे ई-मेल की पुष्टि करते हुए बताया कि एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया गया था और आने-जाने वाले लोगों व वाहनों की कड़ी जांच की गई। वहीं, धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने भी अपने ज़िले की अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की पुष्टि की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल कथित तौर पर ISI (इंटर-सर्विसेज़ इंटेलिजेंस) के नाम से भेजा गया था, जिसमें भोपाल गैस त्रासदी जैसी घटना दोहराने की बात कही गई थी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राजनांदगांव और रायपुर की ज़िला अदालतों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल ई-मेल की जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




