बजट के बाद शेयर बाज़ार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 81 हज़ार के पार, निवेशकों की लौटी उम्मीद

Senior Reporter India | केंद्रीय बजट के दिन आई तेज़ गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाज़ार ने सोमवार को दमदार वापसी दर्ज की। तेल एवं गैस, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और अन्य प्रमुख लार्ज-कैप शेयरों में ज़ोरदार खरीदारी देखने को मिली, जिससे सेंसेक्स लगभग 944 अंकों की छलांग लगाकर 81,000 के अहम स्तर के ऊपर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 260 अंकों से ज़्यादा की बढ़त के साथ मज़बूत स्थिति में बंद हुआ।
बाज़ार विशेषज्ञों के मुताबिक, बजट में सुधारों और निवेश को बढ़ावा देने वाले प्रावधानों ने निवेशकों को दोबारा सोचने पर मजबूर किया। इसी भरोसे के चलते शेयर बाज़ार में सकारात्मक माहौल बना और सेंसेक्स 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,666.46 अंक पर बंद हुआ। कारोबारी सत्र के दौरान यह एक समय 1,009 अंकों से अधिक चढ़कर 81,732.25 के उच्च स्तर तक पहुँच गया था।
निफ्टी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दिन के दौरान करीब 283 अंकों की बढ़त दर्ज की और अंत में 262.95 अंकों यानी 1.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,088.40 पर बंद हुआ।
इस तेज़ी के चलते बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइज़ेशन करीब ₹4.42 लाख करोड़ बढ़कर ₹455.03 लाख करोड़ हो गया। सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए, जिनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज़ और अदानी पोर्ट्स जैसे बड़े नाम शामिल रहे।
हालाँकि, कुछ आईटी और बैंकिंग शेयरों में दबाव देखा गया। एक्सिस बैंक और टीसीएस सहित पाँच शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि इंफोसिस सबसे ज़्यादा नुकसान में रहा और इसके शेयर लगभग 1.85 प्रतिशत टूट गए।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, बजट पेश किए जाने वाले रविवार को सिक्योरिटीज़ ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने के प्रस्ताव से बाज़ार में बिकवाली हावी हो गई थी। उस दिन सेंसेक्स करीब 1,547 अंक टूटकर 80,722.94 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में भी लगभग 495 अंकों की गिरावट आई थी।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




