17–19 फरवरी के बीच बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

Senior Reporter India नई दिल्ली। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और सबट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम के संयुक्त प्रभाव से 17 से 19 फरवरी के बीच उत्तर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों कई राज्यों में बादल छाने, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी तुर्कमेनिस्तान और उससे लगे अफगानिस्तान के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में बना हुआ है। वहीं सबट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर करीब 130 knots की रफ्तार से बह रही है। इन दोनों मौसम तंत्रों के असर से 17 से 19 फरवरी के बीच उत्तर भारत में Weather में बदलाव देखने को मिलेगा।
पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में फिलहाल गर्म और उमस भरा वातावरण बना रहेगा। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने को लेकर Alert जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार 17 और 18 फरवरी को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की वर्षा या हिमपात हो सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आसमान साफ रहने से दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। कश्मीर घाटी में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 से 9 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड हो रहा है, हालांकि रात के समय ठंड बरकरार है।
उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी इस सिस्टम का प्रभाव देखने को मिलेगा। 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं 18 और 19 फरवरी को मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से साफ मौसम और धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला, मनाली और कांगड़ा सहित कई शहरों में दिन का पारा सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है। हालांकि 17 और 18 फरवरी को यहां भी मौसम में बदलाव आ सकता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




