सेना ने पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड सुलेमान समेत तीन आतंकवादियों को मार गिराया

जम्मू कश्मीर /श्रीनगर: ऑपरेशन महादेव के तहत सेना ने जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के बीच पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड समेत तीन आतंकियों को मार गिराया। श्रीनगर के दाचीगाम के ऊपरी इलाके में हुई भीषण मुठभेड़ में मारे गए तीनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के बताए जा रहे हैं। सैन्य सूत्रों के अनुसार, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता सुलेमान उर्फ आसिफ है। दो अन्य आतंकियों की पहचान जिबरान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। जिबरान पिछले साल सोनमर्ग सुरंग हमले में भी शामिल बताया जा रहा है। मुठभेड़ स्थल से एक अमेरिका निर्मित एम4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल, दो एके सीरीज राइफल और गोला-बारूद बरामद किया गया है। दाचीगाम वन क्षेत्र श्रीनगर से करीब 25 मिनट की दूरी पर है। ऑपरेशन से जुड़े एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि स्पेशल फोर्स 4 पैरा और 24 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) को पहलगाम हमले में आतंकियों द्वारा इस्तेमाल किए गए सैटेलाइट फोन के इस्तेमाल के संकेत मिले थे। इसके तुरंत बाद ऑपरेशन महादेव शुरू किया गया और आतंकियों को घेर लिया गया। आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि के बाद, उन पर गोलीबारी की गई ताकि वे भाग न सकें। खुद को घिरा देखकर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई जिसमें तीन आतंकवादी मारे गए। ऑपरेशन की सफलता के बाद, सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया पर बताया, लिडवास में भीषण गोलीबारी में तीन आतंकवादी मारे गए। ऑपरेशन जारी है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




