निर्यात तैयारी में उत्तर प्रदेश टॉप-5 में शामिल, नीति आयोग इंडेक्स में बड़ी छलांग

New Delhi. निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सभी तरह की तैयारियों के मामले में उत्तर प्रदेश अब टॉप 5 बड़े राज्यों में शामिल हो गया है। बुधवार को नीति आयोग द्वारा जारी चौथे एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स (EPI) 2024 में महाराष्ट्र ने तमिलनाडु को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया है। इस इंडेक्स में तमिलनाडु दूसरे, गुजरात तीसरे, उत्तर प्रदेश चौथे और आंध्र प्रदेश पांचवें स्थान पर है। नीति आयोग द्वारा जारी यह चौथा इंडेक्स राज्यों की निर्यात क्षमता और प्रदर्शन के मामले में उनकी तैयारियों का आकलन करने के लिए बनाया गया है। टॉप 10 बड़े राज्यों में कर्नाटक, पंजाब, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और हरियाणा भी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
रिपोर्ट जारी करते हुए नीति आयोग के CEO बीवीआर सुब्रमण्यम ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता और व्यापार संकट के बीच, एक मजबूत घरेलू आधार के साथ-साथ भारत के मुक्त व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौतों का विस्तार करने का महत्व बढ़ रहा है। राज्यों के लिए इसका मतलब है ऐसा माहौल बनाना जो नए अवसरों पर तेजी से प्रतिक्रिया दे सके और वैश्विक मानकों के अनुरूप हो। इसका मतलब जिला स्तर पर प्रतिस्पर्धी माहौल बनाना भी है। छोटे राज्यों में, निर्यात तैयारियों के मामले में उत्तराखंड टॉप पर है। इसके बाद जम्मू और कश्मीर, नागालैंड, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, गोवा और त्रिपुरा हैं। असम, पुडुचेरी और चंडीगढ़ भी टॉप 10 छोटे राज्यों में शामिल हैं। दिल्ली 29वें और हिमाचल प्रदेश 30वें स्थान पर है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




