झारखंड कैबिनेट की बड़ी बैठक — 5 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा सत्र, देशी मांगुर बनी राजकीय मछली

Ranchi । झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में संबंधित प्रस्तावों और कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। बैठक में विकास परियोजनाओं, शिक्षा, सड़क निर्माण, प्रशासनिक सुधार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कुल 18 प्रस्ताव पारित किए गए। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि देशी मांगुर मछली को झारखंड की राजकीय मछली घोषित करने के फैसले से इस प्रजाति के उत्पादन और संरक्षण में मदद मिलेगी। कैबिनेट ने तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन के लिए ई-साक्ष्य और ई-समन मॉडल नियमों को भी मंजूरी दी। इससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। एक अन्य प्रस्ताव में राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में STEM लैब की स्थापना शामिल थी।
वन विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण निर्णय में, 3883 स्वीकृत पदों में से 1315 वनरक्षियों को स्थानांतरित कर प्रधान वनरक्षियों के पद सृजित करने की स्वीकृति दी गई। सरकार ने नेतरहाट आवासीय विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने को भी मंजूरी दी। देवघर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होटल वैद्यनाथ विहार को पीपीपी मोड पर चार सितारा होटल के रूप में विकसित करने की परियोजना को भी मंजूरी दी गई। इस परियोजना पर लगभग ₹113.97 करोड़ खर्च होंगे। सेतु बंधन परियोजना के लिए आकस्मिक निधि से ₹37.27 करोड़ आवंटित करने का भी निर्णय लिया गया। लातेहार ज़िले में चकला कोल परियोजना के लिए हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड को 147.05 एकड़ ज़मीन 30 साल के लिए लीज़ पर देने का भी निर्णय लिया गया।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




