
बस्तर (छत्तीसगढ़)।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति देने के मकसद से अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नारायणपुर-कोंडागांव सड़क पर बन रहे नेशनल हाईवे का निरीक्षण किया। यह हाईवे गढ़बेंगल घोटुल के पास बन रहा है और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण उच्चतम गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही या क्वालिटी में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने काम की प्रगति, तकनीकी मानक और गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को याद दिलाया कि यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के भरोसे और सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
निरीक्षण के मौके पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सचिव राहुल भगत, बस्तर डिविजनल कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर नम्रता जैन और एसपी रॉबिन्सन गुरिया भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह हाईवे बस्तर में विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इसके जरिए सरकारी योजनाएं आखिरी व्यक्ति तक पहुंचेंगी और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने के अपने संकल्प पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




