दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट को बम धमकी, तलाशी के बाद अफवाह साबित

Delhi : दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस को धमकी भरा मेल मिलने के बाद दोनों हाईकोर्ट परिसरों में हड़कंप मच गया। इसके बाद दोनों परिसरों में तलाशी ली गई। आनन-फानन में दिल्ली हाईकोर्ट परिसर को खाली भी करा दिया गया। दोनों ही जगहों पर यह धमकी झूठी निकली, जाँच में भी कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। दिल्ली हाईकोर्ट को सबसे पहले धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें लिखा था, “पवित्र शुक्रवार के धमाकों के लिए… पाकिस्तान-तमिलनाडु की मिलीभगत से, जज रूम में तीन बम रखे हैं, दोपहर 2 बजे तक खाली कर दें।” इसके बाद पुलिस ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी जजों को चैंबर से बाहर निकाला।
कर्मचारियों के साथ-साथ वहाँ मौजूद वकीलों और अन्य लोगों को भी बाहर निकाला गया। दिल्ली पुलिस ने धमकी भरे मेल को अफवाह बताया। इसके कुछ ही देर बाद बॉम्बे हाईकोर्ट को एक धमकी भरा मेल मिला, जिसके बाद परिसर में बम निरोधक दस्ते और मुंबई पुलिस की टुकड़ियाँ तैनात कर दी गईं। पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाईकोर्ट परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ईमेल में कहा गया था कि जज के चैंबर में रखा बम इस्लामी नमाज़ के बाद फट जाएगा। इसमें अंग्रेज़ी और हिंदी, दोनों भाषाओं का इस्तेमाल किया गया था।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




