ऑपरेशन सिंदूर के दौरान NSE पर 10 मिनट में 40 करोड़ साइबर हमले, फिर भी हैकर्स नाकाम

नई दिल्ली। Senior Reporter India |
पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के सबसे बड़े शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को अभूतपूर्व साइबर हमलों का सामना करना पड़ा। NSE के सीईओ आशीष कुमार चौहान के मुताबिक, इस दौरान हैकर्स ने महज़ 10 मिनट के भीतर वेबसाइट पर करीब 400 मिलियन साइबर अटैक किए। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद हमलावर किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाने में नाकाम रहे।
एक इंटरव्यू में चौहान ने बताया कि NSE की डिजिटल सुरक्षा प्रणाली हर दिन औसतन 200 मिलियन साइबर हमलों को विफल करती है। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा एक निरंतर चुनौती है, क्योंकि सिस्टम को हर पल सतर्क रहना पड़ता है, जबकि हमलावरों को सिर्फ एक बार सफल होने की जरूरत होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अचानक हुए भारी साइबर हमलों के चलते एहतियातन NSE की वेबसाइट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था। हालांकि, इससे ट्रेडिंग सिस्टम पर कोई असर नहीं पड़ा।
चौहान ने स्पष्ट किया कि NSE की वेबसाइट और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पूरी तरह अलग नेटवर्क पर संचालित होते हैं, इसलिए किसी भी संभावित वेबसाइट हैक का असर शेयर कारोबार पर नहीं पड़ता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेशकों की सुरक्षा और बाजार की स्थिरता को लेकर एक्सचेंज पूरी तरह सतर्क और सक्षम है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




