2026 से CBSE 10वीं में दो बार Board Exam, पहली परीक्षा देना रहेगा अनिवार्य

Senior Reporter India | नई दिल्ली से आई ताज़ा जानकारी के मुताबिक, CBSE ने कक्षा 10 की दो बार होने वाली Board Exam प्रणाली को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि सभी छात्रों के लिए पहली परीक्षा में शामिल होना जरूरी होगा। केवल वही विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में बैठ सकेंगे, जिन्होंने पहले चरण में परीक्षा दी हो।
बोर्ड वर्ष 2026 से दसवीं के छात्रों के लिए साल में दो बार परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। हाल ही में कुछ विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पहली परीक्षा छोड़कर सीधे दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। इन अनुरोधों पर विचार करने के बाद बोर्ड ने नियमों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर दिया है।
बोर्ड के अनुसार, जो छात्र पहली परीक्षा में शामिल होकर उत्तीर्ण होते हैं, वे विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में अपने अंक सुधारने के लिए दूसरी परीक्षा दे सकेंगे। हालांकि, यदि कोई छात्र पहली परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में अनुपस्थित रहता है, तो उसे दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। ऐसे विद्यार्थियों को ‘रिपीट’ श्रेणी में रखा जाएगा।
वहीं, जिन छात्रों का परिणाम पहली परीक्षा में कंपार्टमेंट के रूप में आएगा, वे कंपार्टमेंट श्रेणी के तहत दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि दसवीं उत्तीर्ण करने के बाद किसी अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देना और उनके प्रदर्शन को सुधारने का मौका उपलब्ध कराना है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




