456 करोड़ का सोलर टेंडर घोटाला, फर्जी फर्म को लेकर गहलोत का बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला

जयपुर। Senior Reporter India |
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को राज्य की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि गुजरात की एक कंपनी ने राजस्थान में करोड़ों रुपये का सरकारी टेंडर हासिल किया, लेकिन बाद में वह फर्म फर्जी पाई गई। गहलोत ने इस पूरे मामले को सत्ता के संरक्षण में हुए घोटाले का उदाहरण बताया।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान के एक स्थानीय कारोबारी ने पिछले दो वर्षों से लगातार शिकायत की है कि राज्य में गुजरात की कंपनियों और ठेकेदारों को प्राथमिकता देकर कॉन्ट्रैक्ट दिए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा किसके दबाव या इशारे पर किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,
“जब बाहरी फर्मों को बार-बार फायदा पहुंचाया जाता है, तो ऐसी धोखाधड़ी और अनियमितताएं सामने आना स्वाभाविक है। यही वजह है कि इस तरह के मामले उजागर हो रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में सामने आया 456 करोड़ रुपये के सोलर टेंडर और उससे जुड़े 46 करोड़ रुपये के एडवांस भुगतान का मामला केवल एक फर्जी कंपनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बीजेपी सरकार के संरक्षण में चल रहे एक बड़े घोटाले की तस्वीर पेश करता है।
अशोक गहलोत ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी सरकार पर हमला बोला और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




