सोना-चांदी भाव गिरे: दिल्ली सर्राफा बाजार में मुनाफावसूली का असर

नई दिल्ली। फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल द्वारा ब्याज दरों में कटौती पर सतर्क रुख अपनाने के बाद कारोबारियों की मुनाफावसूली से बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के भाव अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गए।
सोने का भाव 900 रुपये गिरकर 1,18,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी 600 रुपये गिरकर 1,39,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इसके साथ ही पिछले दो कारोबारी सत्रों से सोने और चांदी में जारी तेजी थम गई। पिछले सत्र में सोना 1,18,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया था, जबकि चांदी 1,39,600 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, “फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल द्वारा इस साल ब्याज दरों में कटौती पर सतर्क रुख अपनाने से सोने और चांदी के भाव अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गए।” अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से मामूली गिरावट के साथ 3,760.36 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




