यदि विकलांग अभ्यर्थी सह-लेखक चाहते हैं, तो उन्हें डॉक्टर से नवीनतम प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा
इस साल व्यापमं से करीब 32 परीक्षाएं होंगी। इन परीक्षाओं में दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को सह-लेखक उपलब्ध कराने के नियम में बदलाव किया गया है। अब दिव्यांगता प्रमाण पत्र के अलावा डॉक्टर से नया प्रमाण पत्र जरूरी होगा।

CG VYAPAM : फर्जीवाड़ा रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है। वहीं, पेपर हल करने के लिए प्रति घंटे 20 मिनट अधिक दिए जाएंगे। यह नियम उन परीक्षाओं के लिए मान्य होगा, जिनके लिए व्यापमं से एक मार्च 2025 से फार्म मांगे गए हैं। जिन परीक्षाओं के लिए आवेदन भरे जा चुके हैं, उनके लिए पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी। व्यापमं के अफसरों का कहना है कि दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को सह-लेखक की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कुछ साल पहले निर्देश जारी किए गए हैं। इसका क्रियान्वयन व्यापमं की परीक्षाओं में किया जा रहा है। इसके मुताबिक दृष्टिबाधित, दोनों हाथ से दिव्यांग और सेरेब्रल पाल्सी या अन्य श्रेणी में संदर्भित दिव्यांगजन जिन्हें शारीरिक व मानसिक विकलांगता के कारण लिखने में दिक्कत होती है, उन्हें सह-लेखक की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पहले इसके लिए जिला मेडिकल बोर्ड का प्रमाण पत्र जरूरी होता था।
अब इस प्रमाण पत्र के अलावा विकलांगता से संबंधित डॉक्टर की नवीनतम रिपोर्ट भी जरूरी होगी। इस रिपोर्ट की अवधि छह माह होगी। इसी तरह अभ्यर्थी सह-लेखक की व्यवस्था स्वयं कर सकते हैं या परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष से सह-लेखक के लिए अनुरोध कर सकते हैं। इसके लिए परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय सह-लेखक का विकल्प चुनना होगा। प्रमाण पत्र से संबंधित प्रारूप व अन्य जानकारी व्यापमं की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। मत्स्य निरीक्षक की भर्ती परीक्षा आज व्यापमं द्वारा मत्स्य निरीक्षक की भर्ती परीक्षा 23 मार्च को आयोजित की जाएगी।
इसके लिए रायपुर में 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगा। परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज बैठक की। उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा संचालन के लिए अपर कलेक्टर नवीन कुमार ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं उत्तम प्रसाद रजक और केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ-साथ मूल पहचान पत्र भी ले जाना जरूरी होगा। इसके बिना अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए मिलेगा ज्यादा समय – व्यापमं परीक्षा में सह-लेखक रखने वालों को पेपर लिखने के लिए ज्यादा समय मिलेगा। प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उदाहरण के लिए यदि पेपर दो घंटे का है तो ऐसे अभ्यर्थियों को उत्तर लिखने के लिए 2 घंटे 40 मिनट का समय मिलेगा। पहले प्रति घंटे 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाता था। इसी तरह सह-लेखक का चयन करते समय यह भी ध्यान रखना होगा कि उसकी अधिकतम शैक्षणिक योग्यता संबंधित पद के लिए निर्धारित न्यूनतम योग्यता से एक श्रेणी कम हो। उदाहरण के लिए यदि किसी पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक है तो सह-लेखक की अधिकतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होनी चाहिए।
YouTube channel Search – www.youtube.com/@mindfresh112 , www.youtube.com/@Mindfreshshort1
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।