ईरान ने भारत के तेल और Gas जहाजों को Hormuz से सुरक्षित रास्ता देने का भरोसा दिया
मोदी-ईरान राष्ट्रपति की बातचीत के बाद बड़ा फैसला, सरकार ने लोगों से कहा—घबराकर LPG की बुकिंग न करें

Report| नई दिल्ली। भारत की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर एक राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि भारत के कच्चा तेल और Gas लेकर आने वाले जहाजों को Hormuz जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने दिया जाएगा। इससे देश में LPG की संभावित कमी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने कहा कि भारत और ईरान के संबंध दोस्ताना हैं, इसलिए भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना दोनों देशों के हित में है। सरकारी सूत्रों के अनुसार भारत के दो Gas टैंकरों को भी इस मार्ग से गुजरने की अनुमति मिल चुकी है।
यह घोषणा उस समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के बीच गुरुवार को फोन पर महत्वपूर्ण बातचीत हुई। इसके अलावा भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से संपर्क कर ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री मार्गों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था। इसके कारण Hormuz स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर कई देशों में चिंता पैदा हो गई थी।
इसी बीच भारत सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में LPG सिलिंडर की अतिरिक्त बुकिंग न करें। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है।
उन्होंने बताया कि भारत में करीब 25,000 LPG वितरक काम कर रहे हैं और अभी तक किसी भी डीलर से गैस की कमी की सूचना नहीं मिली है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि घरों तक गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहेगी।
सरकार के अनुसार 5 मार्च से घरेलू LPG उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है ताकि मांग को पूरा किया जा सके। पहले प्रतिदिन औसतन 55.7 लाख सिलिंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन हाल के दिनों में यह संख्या बढ़कर 75.7 लाख तक पहुंच गई है, जो घबराहट में की गई बुकिंग का संकेत है।
देश में इस समय लगभग 33.37 करोड़ LPG उपभोक्ता हैं, जबकि करीब 1.5 करोड़ घरों में पाइपलाइन के जरिए PNG गैस की सुविधा उपलब्ध है।
दूसरी ओर जमाखोरी और कालाबाजारी पर भी प्रशासन सख्त नजर रखे हुए है। तमिलनाडु के मदुरै में 398 गैस सिलिंडर जमा करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 163 घरेलू और 235 कमर्शियल सिलिंडर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सरकार ने चेतावनी दी है कि संकट का फायदा उठाकर गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




