पाकिस्तान में गांधी को बड़ा नेता मानने वाले मौलवी मोहम्मद अली मिर्जा गिरफ्तार

इस्लामाबाद। महात्मा गांधी को मोहम्मद अली जिन्ना से बड़ा नेता मानने वाले एक मौलवी को मंगलवार को पाकिस्तान में गिरफ्तार कर लिया गया। इंजीनियर मोहम्मद अली मिर्जा को एक शिकायत के बाद पंजाब के झेलम शहर में 30 दिनों के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। झेलम के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद मीसम अब्बास ने कहा कि मौलवी को एमपीओ अध्यादेश की धारा 3 के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह धारा अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए हानिकारक कोई भी काम करने से रोकने या सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिरासत में लेने का अधिकार देती है।
यह कार्रवाई सोमवार को एक धार्मिक समूह द्वारा मिर्जा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई। इसमें एक साक्षात्कार के दौरान उनकी विवादास्पद टिप्पणी के लिए कार्रवाई की मांग की गई थी। पेशे से इंजीनियर मिर्जा ने धर्म के क्षेत्र में एक स्वतंत्र करियर शुरू करने के लिए वर्षों पहले अपना पेशा छोड़ दिया और सोशल मीडिया पर धर्मोपदेश और व्याख्यान देकर ख्याति अर्जित की। झेलम शहर के मशीन मोहल्ला निवासी मिर्जा अपने रूढ़िवादी धार्मिक विचारों के कारण विवादों में रहे हैं।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




