दिल्ली में दहशत! लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार ब्लास्ट, 11 की मौत – आतंकवादी हमले की आशंका

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक बड़े आतंकवादी हमले से दहल गई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में एक शक्तिशाली कार विस्फोट में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 28 घायल हो गए। विस्फोट में कई वाहनों में आग लग गई। दिल्ली पुलिस ने इसे आतंकवादी हमला बताया है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि प्रभावित लोगों के शरीर के अंग दूर-दूर तक बिखर गए। आस-पास खड़ी गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। विस्फोट की आवाज ढाई किलोमीटर दूर आईटीओ चौराहे तक सुनी गई। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक i20 कार में विस्फोट हुआ। पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि विस्फोट शाम करीब 6:52 बजे एक धीमी गति से चल रही कार में हुआ।
शुरुआती जांच के मुताबिक, कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। एनएसजी, एनआईए, एफएसएल, दिल्ली पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमें जांच कर रही हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। दमकल की दस गाड़ियों ने शाम 7:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग में छह कारें, दो ई-रिक्शा और एक ऑटोरिक्शा जलकर खाक हो गए। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदनी चौक ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में विस्फोट की भयावहता दिखाई दे रही है। एक वीडियो में, एक शव एक वाहन पर पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। एक अन्य वीडियो में सड़क पर एक शव पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई शवों के अंग बिखरे पड़े थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने बताया कि 800 मीटर दूर स्थित उनकी पूरी इमारत हिल गई। बाज़ार में दहशत फैल गई और लोग भागने लगे।
राजधानी दिल्ली में पिछले आतंकवादी हमले
7 सितंबर, 2011: उच्च न्यायालय के बाहर विस्फोट। 9 लोग मारे गए, 45 घायल
2011: उच्च न्यायालय के बाहर कम तीव्रता वाला विस्फोट
27 सितंबर, 2008: महरौली के फूल बाज़ार में विस्फोट। तीन लोग मारे गए
13 सितंबर, 2008: पाँच सिलसिलेवार विस्फोट।
25 लोग मारे गए।
100 से ज़्यादा घायल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विस्फोट में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रशासन पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




