
छत्तीसगढ़/धमतरी : में सोमवार देर रात हुए खौफनाक ट्रिपल मर्डर ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। रायपुर से पांच दोस्त निजी काम से धमतरी आए थे। काम खत्म करने के बाद पांचों दोस्त रात करीब 11 बजे कार से सिहावा रोड स्थित ग्राम भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा पहुंचे। वहां पहले से मौजूद कुछ युवक बिल भुगतान को लेकर हंगामा कर रहे थे। रायपुर से आए युवकों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन नशे में धुत बदमाश मारपीट पर उतारू हो गए। विवाद के बीच आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर रायपुर से आए युवकों पर हमला कर दिया। वहां मौजूद लोगों के सामने ही आरोपी तीनों दोस्तों का पीछा करते हुए चाकू मारते रहे और वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों आलोक, नितिन और सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान उनके दोनों साथी भाग गए, जिनमें से एक को भी चाकू मार दिया गया। वह खून से लथपथ किसी तरह रात में रायपुर अपने घर पहुंचा।
उसके जरिए परिजनों को घटना की जानकारी हुई और हड़कंप मच गया। हमले में मारे गए तीनों युवकों का अंतिम संस्कार दोपहर में रायपुर में किया गया। इनमें से दो सुरेश और नितिन तांडी चचेरे भाई थे। रायपुर निवासी आलोक सिंह ठाकुर, नितिन तांडी और सुरेश हियाल अपने दो दोस्तों के साथ सोमवार रात करीब 11 बजे धमतरी के भोयना गांव स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में खाना खाने पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद कुछ युवक बिल भुगतान को लेकर हंगामा कर रहे थे। रायपुर से आए युवकों ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ गया। नशे में धुत बदमाशों ने गाली-गलौज के बाद चाकू निकाल लिए और रायपुर से आए तीनों युवकों पर हमला कर दिया। करीब आधे घंटे तक ढाबे और सड़क पर अफरा-तफरी मची रही। बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन कोई बीच-बचाव करने आगे नहीं आया। तीनों घायल युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही अजुर्नी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कर आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि हत्या में शामिल गोपी दीवान (20, ग्राम मथुराडीह), कुलेश्वर नेताम (25, ग्राम कोर्रा भखारा), रणवीर कुमार साहू (20, ग्राम ईरा), कमलेश ध्रुव (19, आमापारा) और गौतम दीवान (22, मथुराडीह) के अलावा 3 नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी मजदूर वर्ग से हैं और नशे में थे। घटनास्थल के आसपास रहने वाले आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों द्वारा हंसते हुए ली गई सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे सवाल उठता है कि अपराधियों में कानून का डर क्यों नहीं है। पुलिस ने आरोपियों का आधा सिर मुंडवाकर शहर में जुलूस निकाला, कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई और ‘नशा पाप है, आज के बाद नशा नहीं करेंगे’ जैसे नारे लगवाए। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। धमतरी के इतिहास में यह पहला तिहरा हत्याकांड है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। शहर से लेकर रायपुर तक कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस और कानून का डर खत्म होता दिख रहा है। पुलिस ने सख्त कार्रवाई और जल्द चार्जशीट की बात कही है, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




