ग्रीनलैंड विवाद पर ट्रंप का टैरिफ दांव, EU में उभरा अमेरिका के खिलाफ सख्त जवाब का सुर

यूरोपीय संघ (EU) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के डेनमार्क सहित आठ यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद गुस्से में प्रतिक्रिया दी है। यूरोपीय देशों में अमेरिका के खिलाफ अभूतपूर्व जवाबी आर्थिक उपायों की मांग बढ़ रही है। इससे अमेरिका के साथ EU के व्यापार समझौते को खतरा हो सकता है। कई यूरोपीय नेताओं ने ट्रंप के इस कदम की निंदा करते हुए इसे सामूहिक सुरक्षा की भावना के खिलाफ और अस्वीकार्य बताया है। EU ने जवाबी उपायों और सामूहिक रणनीति पर चर्चा करने के लिए एक आपातकालीन बैठक भी बुलाई है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि सामूहिक सुरक्षा के लिए काम करने वाले नाटो सहयोगियों पर टैरिफ लगाना पूरी तरह से गलत है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने टैरिफ को अस्वीकार्य बताया और कहा कि अगर इन्हें लागू किया गया, तो यूरोप एकजुट और समन्वित तरीके से जवाब देगा। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि EU डेनमार्क और ग्रीनलैंड के लोगों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है। 27 देशों वाले EU और अमेरिका ने जुलाई 2025 में एक व्यापार समझौता किया था। ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि अगर वाशिंगटन और कोपेनहेगन के बीच ग्रीनलैंड के बारे में कोई समझौता नहीं होता है, तो आठ यूरोपीय सहयोगियों पर चरणबद्ध तरीके से टैरिफ लगाए जाएंगे। ट्रंप के अनुसार, 10 प्रतिशत टैरिफ 1 फरवरी से लागू होगा, जो 1 जून तक बढ़कर 25 प्रतिशत हो जाएगा। ये टैरिफ तब तक लागू रहेंगे जब तक ग्रीनलैंड की खरीद पर कोई समझौता नहीं हो जाता।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




