हरमनप्रीत की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक T20 Series जीत, भारत ने 2-1 से रचा इतिहास

Senior Reporter India | भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 श्रृंखला अपने नाम कर इतिहास रच दिया। निर्णायक मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को 17 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली। साल 2016 के बाद यह पहली बार है जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीती है।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ हरमनप्रीत ने मिताली राज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। करीब एक दशक पहले मिताली की कप्तानी में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में 2-1 से हराया था।
निर्णायक मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। मेजबान टीम की ओर से एश्ले गार्डनर ने 57 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि फोबे लीचफिल्ड ने 26 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजी में श्रेयंका पाटिल और श्रीचरणी ने तीन-तीन विकेट चटकाए। अरुंधती रेड्डी ने दो विकेट लिए, जबकि रेणुका ठाकुर को एक सफलता मिली।
इस जीत की नींव उपकप्तान स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स की बेहतरीन बल्लेबाजी ने रखी। मंधाना ने 55 गेंदों पर 82 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं रोड्रिग्स ने 59 रन की अहम पारी खेली। दोनों के बीच 121 रन की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
मंधाना को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए Player of the Match चुना गया। इसी पारी के दौरान उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 4200 रन पूरे कर लिए। वह सूजी बेट्स के बाद इस प्रारूप में 4000 से अधिक रन बनाने वाली दुनिया की दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं।
हालांकि शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही थी। शेफाली वर्मा सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गईं। तीसरे ओवर में किम गार्थ की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मिड-ऑन पर खड़ी अनाबेल सदरलैंड के हाथों में चली गई। उस समय भारत का स्कोर 19 रन पर एक विकेट था।
इसके बाद मंधाना और रोड्रिग्स ने पारी को संभाला और टीम को जीत की मजबूत स्थिति में पहुंचाया। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
नए खबरों के लिए बने रहे सटीकता न्यूज के साथ।




