संतुलित आहार और व्यायाम:  प्रसव के बाद शरीर को आवश्यक पोषण की जरूरत होती है, इसलिए प्रोटीन, हरी सब्जियां, फल और अच्छे फैट्स से भरपूर चीजों को आहार में शामिल करें, ताकि आपके शरीर के साथ ही त्वचा भी स्वस्थ रहे। आप हल्का योग और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें। इससे तनाव कम होता है और मानसिक शांति मिलती है।

त्वचा को हाइड्रेट रखें: प्रसव के बाद आप खूब पानी पीएं और शरीर के साथ ही त्वचा को भी हाइड्रेट रखें। गर्भावस्था के दौरान और बाद में हार्मोनल स्तर में बदलाव के कारण पिग्मेंटेशन होना सामान्य है। ऐसे में आपसन ब्लॉक और हाइड्रोक्विनोन युक्त क्रीम का इस्तेमाल करें, साथ ही सोने से पहले अपने हाथ, मुंह और पैरों को साफ पानी से धोकर हाइड्रेटिंग मॉइश्चराइजर लगाएं, ताकि रात भर त्वचा को बेहतर तरीके से खुद को मरम्मत करने का मौका मिल पाए।

बालों में निखार : प्रसव के बाद बाल झड़ने की समस्या देखी जाती है। इसे रोकने के लिए तेल से मालिश करें। मालिश करने से सिर में ब्लड सर्कुलेशन अच्छा रहता है, आंपको तनाव कम होता है और बालों को बढ़ने का मौका मिलता है। साथ ही आप बालों को नुकसान से बचाने के लिए सौम्य उत्पादों का उपयोग करें और अपनी डाइट में प्रोटीन और विटामिन्स, जैसे कि अंडे, नट्स और फलों को शामिल करें।

आराम और अच्छी नींद : postpartum period  में अक्सर ही डार्क सर्कल की समस्याएं देखी जाती हैं। होता यह है कि बच्चे के जन्म के बाद मां के लिए पूरी नींद लेना मुश्किल हो जाता है। इसलिए दिन में जब आपका बच्चा सो रहा हो, तब आप भी छोटी-सी झपकी ले लें। आंखों को राहत देने के लिए खीरे के स्लाइस, आलू या ठंडे कांटे का उपयोग करें।

केमिकल-फ्री प्रॉडक्ट : पोस्टपार्टम ब्यूटी केयर के लिए आप स्किन केयर प्रॉडक्ट्स, जैसे कि क्लींजर, फेस मास्क, नाइट क्रीम, सनस्क्रीन और मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें, लेकिन ध्यान रखें कि ये केमिकल फ्री हों। इन प्रॉडक्ट्स के इस्तेमाल से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।

सकारात्मक सोच : प्रसव के बाद भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरना आम बात है। इसलिए खुद को समय दें, किताब पढ़ें, संगीत सुनें या मेडिटेशन करें। शरीर में आए बदलावों को स्वीकारें और आत्मसम्मान के साथ इस खूबसूरत सफर का आनंद लें, ताकि आपका यह समय हंसी-खुशी से बीते